बीजेपी में निकाय चुनावों में टिकट वितरण से लेकर बागियों को मनाने तक में सत्ता और संगठन मिलकर काम किया। वहीं अब बीजेपी ने प्रदेश के 10 नगर निगमों में प्रचार का विशेष प्लान तैयार किया हैं। इसके तहत सीएम भजनलाल शर्मा सहित केन्द्रीय नेताओं को इन नगर निगमों में प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। सीएम भजनलाल शर्मा अगले 5 दिन 10 नगर निगमों में रोड शो करेंगे। सीएम शनिवार को भीलवाड़ा, उदयपुर, रविवार को बीकानेर, अजमेर, और जोधपुर में रोड शो करेंगे। इसके साथ ही 7 सितंबर (सोमवार) को भरतपुर, अलवर, 8 सितंबर को पाली, कोटा और 9 सितंबर को जयपुर में सीएम का रोड शो होगा। राजनीतिक तौर पर मुख्यमंत्री के रोड शो को भाजपा की चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव के बाद अब पहली बार बड़े स्तर पर हो रहे नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा सरकार के कामकाज और स्थानीय विकास के मुद्दों को मुख्यमंत्री के जरिए जनता के बीच ले जाने की तैयारी में है। केंद्रीय नेताओं को मैदान में उतारने की तैयारी बीजेपी ने निकाय चुनाव को केवल स्थानीय नेताओं के भरोसे छोड़ने के बजाय केंद्रीय और प्रदेश के राष्ट्रीय स्तर से जुड़े नेताओं को भी चुनावी मैदान में उतारने की रणनीति बनाई हैं। इन नेताओं में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सतीश पूनिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के अलावा केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल, भागीरथ चौधरी और भूपेंद्र यादव को भी अलग-अलग निकाय क्षेत्रों में प्रचार की जिम्मेदारी दिए जाने की तैयारी है। दिल्ली से राजस्थान पहुंच रहे नेता लगातार निकाय क्षेत्रों में जाकर संगठन की नब्ज टटोल रहे हैं। जनसभाओं के साथ कार्यकर्ताओं की बैठकें कर स्थानीय समीकरणों, प्रत्याशियों की स्थिति और चुनावी माहौल का फीडबैक लिया जा रहा है। मदन राठौड़ भी कल से संभालेंगे मोर्चा सीएम भजनलाल शर्मा के साथ प्रचार अभियान को धार देने के लिए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भी चुनावी मैदान में उतरेंगे। राठौड़ 5 सितंबर से दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे और विभिन्न जिलों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, 5 सितंबर को मदन राठौड़ अजमेर और नागौर जिले में पहुंचेंगे। यहां वे भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने के साथ स्थानीय कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद 6 सितंबर को फलोदी, जैसलमेर और बाड़मेर में चुनावी प्रचार करेंगे।