शहर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मंदिरों में झांकियो के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे है। मंदिरों के बाहर आधे से एक किलोमीटर लंबी लाइनें लगी हैं। शहर के गीता भवन, टीलेश्वर महादेव मंदिर, तलवंडी स्थित राधाकृष्ण मंदिर, रंगबाड़ी स्थित बांके बिहारी मंदिर और मुकुंदरा विहार स्थित इस्कॉन नंदग्राम धाम सहित प्रमुख मंदिरों में दर्शन करने की होड़ मची हुई है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शहर के प्रमुख मंदिरों में पहुंचे और राधा कृष्ण के दर्शन किए। उन्होंने झांकियों के दर्शन भी किए। मंत्री मदन दिलावर भी देर शाम को मंदिरों में पहुंचे और भगवान कृष्ण के दर्शन किए। राधाकृष्ण मंदिर, इस्कॉन टेंपल, डीसीएम में झांकियों के दर्शन करने पहुंचे। इस दौरान लड्डू गोपाल को पालना भी झुलाया। वहीं लाडपुरा विधायक कल्पना देवी भी डीसीएम में झांकियों के दर्शन के लिए पहुंची। तलवंडी राधाकृष्ण मंदिर में गणेश पूजन के साथ श्रद्धालुओं के लिए जीवंत झांकियों के दर्शन शुरू करने के बाद भक्त उमड़ रहे हैं। यहां भव्य झांकियां तैयार की गई है। अंदर मंदिर में भगवान शिव, राधा कृष्ण का विशेष श्रृंगार किया गया है। यहां स्वयंसेवकों ने घोष वादन किया। यहां भी झांकियों के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी लाइन लगी। कोटा के नयापुरा स्थित श्री जानकीनाथ जी मंदिर में इस बार कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व आस्था और भक्ति के भाव के साथ विशेष रूप से मनाया जा रहा है। करीब 152 साल पुराने इस ऐतिहासिक मंदिर में आज भगवान राम और माता सीता के विग्रह का राधा-कृष्ण के रूप में विशेष श्रृंगार किया गया। यहां 150 किलो दही और 50 किलो ड्राई फ्रूट से पंजीरी प्रसाद तैयार किया गया है। पाटनपोल स्थित प्रथम पीठ श्री बड़े मथुरेशजी मंदिर में ठाकुरजी का पंचामृत से अभिषेक कर पीतांबर और आभूषणों से श्रृंगार किया गया है। देखिए झांकियों के फोटो
