मोगा के धर्मकोट के अधीन आते गांव तलवंडी मल्लियां में एक व्यक्ति द्वारा अपनी मृतक मां का जाली वारिस सर्टिफिकेट (लीगल हेयर सर्टिफिकेट) बनवाकर सरकारी फंड और जायदाद हड़पने का मामला सामने आया है। अंबाला निवासी गुरसिमरनजीत कौर की शिकायत पर मोगा पुलिस ने उनके सगे भाई मनप्रीत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ भुगतान को रोक दिया गया है। शिक्षा विभाग के फंड को हड़पने की थी साजिश शिकायतकर्ता गुरसिमरनजीत कौर ने डीसी मोगा को दिए पत्र में बताया कि उनकी माता जसवीर कौर ब्लॉक-2 धर्मकोट में बीपीईओ के पद पर तैनात थीं। 22 अगस्त 2023 को उनकी माता के निधन के बाद, शिक्षा विभाग ने उनके कार्यकाल की बकाया राशि के भुगतान के लिए वारिस सर्टिफिकेट जमा करवाने को कहा था। आरोप है कि भाई मनप्रीत सिंह ने बहन को बताए बिना सरकारी मोहरों का गलत इस्तेमाल कर एक फर्जी वारिस सर्टिफिकेट तैयार करवा लिया ताकि पूरी राशि अकेले हड़प सके। बहन की जायदाद पर भी नीयत खराब शिकायत के अनुसार, माता जसवीर कौर और पिता प्रकाश सिंह की जायदाद दोनों भाई-बहनों के नाम पर बराबर बंटी हुई थी। मनप्रीत सिंह ने अपने हिस्से की कुछ जायदाद बेच दी और बाकी जमीन अपनी पत्नी मनजोध कौर के नाम करवा दी। आत्महत्या कर फंसाने की दी धमकी अब आरोपी अपनी बहन गुरसिमरनजीत के हिस्से की जायदाद को भी हड़पने का प्रयास कर रहा है। विरोध करने पर आरोपी भाई और भाभी ने शिकायतकर्ता के साथ गाली-गलौज की और घर आने पर आत्महत्या कर फंसाने की धमकी दी। डीसी के आदेश पर बैंक भुगतान रोका गया डिप्टी कमिश्नर मोगा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार धर्मकोट को जांच के आदेश दिए थे। जांच में सर्टिफिकेट जाली पाए जाने पर प्रशासन ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की तलवंडी मल्लियां शाखा को पत्र लिखकर मनप्रीत सिंह को बकाया राशि का भुगतान न करने का आदेश जारी किया। पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी फरार डीसी के निर्देश पर एसएसपी मोगा ने मामले की विस्तृत जांच करवाई। इसके बाद आरोपी मनप्रीत सिंह के खिलाफ थाना धर्मकोट में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की आगामी जांच सहायक थानेदार जगविन्द्र सिंह द्वारा की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
