कोटपूतली में दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर पूतली पुलिया के पास एक सड़क हादसा हुआ है। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में तीन वाहन आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, पूतली पुलिया के पास अचानक एक बाइक सामने आ गई। इसे बचाने के प्रयास में बाइक, एक इको कार और एक ट्रेलर आपस में टकरा गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत एम्बुलेंस और निजी वाहनों की सहायता से कोटपूतली के राजकीय बीडीएम अस्पताल पहुंचाया। घायलों में एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य का इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर हाइवे पेट्रोलिंग पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन और कटर की मदद से सड़क किनारे हटवाकर बाधित यातायात को सुचारू किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
