हनुमानगढ़ में नोहर सिंचाई परियोजना में पानी की लगातार कमी को लेकर मुख्य अभियंता, जल संसाधन (उत्तर) प्रदीप रुस्तगी ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने राजस्थान के हिस्से का पूरा पानी सुनिश्चित कराने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। यह बैठक नोहर सिंचाई कॉलोनी में हुई। इसके बाद सिरसा में भाखड़ा जल सेवाएं एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ एक संयुक्त बैठक हुई। इसमें पंजाब और हरियाणा से राजस्थान को मिल रहे पानी की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। निर्धारित मात्रा से कम पानी मिलने पर जताई नाराजगी
बैठक में अधीक्षण अभियंता भाखड़ा जल सेवाएं वृत्त सिरसा, अधीक्षण अभियंता जल संसाधन वृत्त नोहर, अधिशासी अभियंता जल संसाधन खंड नोहर, अधिशासी अभियंता भाखड़ा जल सेवाएं खंड नहराना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य अभियंता रुस्तगी ने नोहर एवं भादरा क्षेत्र में निर्धारित मात्रा से कम पानी मिलने पर नाराजगी व्यक्त की। संयुक्त निरीक्षण कराने के निर्देश
उन्होंने अधिकारियों को हरियाणा-पंजाब संपर्क बिंदु से लेकर सीपी-4 एवं सीपी-5 तक संयुक्त निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। साथ ही, केंद्रीय जल आयोग (CWC) एवं भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) के सहयोग से पानी का वैज्ञानिक मापन शीघ्र कराने पर भी जोर दिया गया, ताकि वास्तविक जल उपलब्धता का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बैठक एवं निरीक्षण के दौरान राजस्थान राज्य जल उपयोक्ता संगम के अध्यक्ष गुरमेल सिंह, कृष्ण गोदारा, इंद्राज पटीर, हरमीत सिंह सहित विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
