नागौर जिले में घर में घुसकर नाबालिग बच्ची से छेड़खानी करने के आरोप में परिजनों ने एक युवक को पकड़ लिया। परिजनों ने युवक के साथ मारपीट करने के बाद उसके हाथ-पैर बांधकर गांव के चौक में बैठा दिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को अपने साथ थाने ले गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक गांव के चौक में बंधा हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। संबंधित थानाधिकारी का कहना है कि नाबालिग के परिजनों की ओर से युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज करवाया गया है। आरोप है कि युवक घर में घुसा और नाबालिग बच्ची के साथ छेड़खानी की। वहीं युवक के परिजनों ने भी शिकायत दी है। इसमें युवक को घर में बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने इस मामले में एससी-एसटी एक्ट के तहत भी केस दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।