निकाय चुनाव के पहले सीकर के पिपराली रोड पर सीकर पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। वहीं फतेहपुर कोतवाली पुलिस ने एटीएम लूट की कोशिश के मामले में मेवात इलाके के 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। खाटूश्यामजी सदर थाना पुलिस ने मर्डर के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उद्योग नगर थाना इलाके में पुलिस का फ्लैग मार्च निकाय चुनाव के पहले आचार संहिता में उद्योग नगर पुलिस थाना इलाके में सीकर पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। इसमें सीकर एडिशनल एसपी डॉ. तेजपाल सिंह, सीओ सिटी नवनीत कौर, उद्योग नगर थाना SHO राजेश कुमार बुडानिया, कोतवाली थाना SHO सुनील कुमार जांगिड़, गोकुलपुरा थाना SHO राजाराम लेघा सहित कई पुलिस थानों का जाप्ता मौजूद रहा। एडिशनल एसपी डॉ तेजपाल सिंह ने कहा- लोगों से अपील है कि वह निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करें। एटीएम लूट की कोशिश के 2 आरोपी गिरफ्तार सीकर की फतेहपुर कोतवाली थाना पुलिस ने एटीएम लूट की कोशिश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। SHO महेंद्र कुमार ने बताया- 19 अगस्त को चौधरी धर्मकांटा के पास स्थित ICICI बैंक के एटीएम को गैस कटर से काटकर लूटने की कोशिश की गई थी। हालांकि एटीएम में कैश नहीं था और आसपास लोगों के आने की वजह से आरोपी गाड़ी लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पांच टीम आरोपियों के पीछे लगी हुई थी। इस मामले में अब आरोपी इंसाफ मेव (25) पुत्र कासम निवासी फिरोजपुर झिरका और गुलशाद मेव (22) पुत्र हारून निवासी फिरोजपुर झिरका को गिरफ्तार किया गया है। मर्डर के 2 आरोपी गिरफ्तार सीकर की खाटूश्यामजी सदर थाना पुलिस ने मर्डर के मामले में करीब 4 महीने से फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। SHO अमित कुमार ने बताया- 16 अप्रैल को कब्जा करने की नीयत से आए लोगों ने श्योजीराम की हत्या कर दी थी। मामले में आरोपी नाथूराम जाट (36) पुत्र रामचंद्र जाट निवासी करड और रमेशचंद जाट (24) पुत्र नंदराम जाट निवासी करड को गिरफ्तार किया गया है।