बाड़मेर में बारूद को मूसल से कूटने के दौरान हुए धमाके में किसान के चीथडे़ उड़ गए। कमरे में मौजूद उसकी पत्नी, बेटी और पड़ोसी का शरीर भी जगह- जगह से फट गया। चारों तरफ खून बिखर गया। धमाका सुन दौड़े पड़ोसियों ने सभी को हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां किसान को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना बाड़मेर जिले के नागाणा इलाके के बाटाडू खींपसर गांव में दोपहर 2 बजे की है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि परिवार खेत में आने वाले सूअरों को भगाने के लिए खनन करने वाले लोगों से बारूद खरीदकर लाया था। जानकारी के अनुसार, बाटाडू खींपसर निवासी मानाराम (40), उसकी पत्नी केशीदेवी (38), बेटी भगवती (12) और पड़ोसी राजूराम (60) घर के अंदर बारूद के टुकड़े करने के लिए मूसल से कूट रहे थे। इसी दौरान बारूद फट गया। इससे मानाराम के शरीर के चीथड़े उड़ गए। उसकी आंतें भी बाहर निकल गई। वही केशीदेवी का बाएं पैर का घुटने के पास से हिस्सा फट गया। जबकि भगवती और पड़ोसी भी गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और घायलों को बाटाडू हॉस्पिटल लेकर गए। वहां पर प्राथमिक इलाज के बाद सभी को जोधपुर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद नागाणा थानाधिकारी मौके पर पहुंची। घटना स्थल का मौका मुआयना किया। थानाधिकारी बोले- बारूद कहां से लाए, जांच करेंगे
थानाधिकारी दिनेश ने बताया- परिजनों की ओर से रिपोर्ट मिली है। इसमें जंगली सुअरों को भगाने के लिए बारूद को छोटे-छोटे टुकड़े करने के लिए लोहे की मूसल से कूट रहे थे, तभी उसमें विस्फोट हो गया। परिवार बारूद कहां से लाया, इसकी भी जांच की जा रही है। रसोई में खाना बना रही थी बड़ी बेटी
जानकारी के अनुसार मृतक मानाराम के चार भाई है। सभी अलग-अलग रहते हैं। मानाराम का बेटा अपने ननिहाल गया हुआ था। वहीं दो बेटियां और मां और पड़ोसी उस समय घर पर ही थे। बड़ी बेटी रसोई में खाना बना रही थी। जबकि छोटी बेटी पिता के साथ कमरे में ही मौजूद थी।
यह खबर भी पढ़ें सेना की फील्ड फायरिंग रेंज में धमाका, युवक की मौत:चेहरा फटा, सीने में छेद हुए, विस्फोटक के टुकड़े मिले; मशरूम तोड़ने आया था युवक जैसलमेर में सेना की फील्ड फायरिंग रेंज में सैन्य स्क्रैप में विस्फोटक में धमाके से युवक की मौत हो गई। धमाके से युवक का चेहरा फट गया। सीने में छेद हो गए। वहां से गुजर रहे व्यक्ति ने युवक को खून से लथपथ पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। घटना लाठी थाना क्षेत्र की बुधवार सुबह की है। (पढ़ें पूरी खबर)