जयपुर में एक रिहायशी अपार्टमेंट में आग लग गई। 6 मंजिला बिल्डिंग में 80 लोग फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग से पार्किंग में खड़ी 12 बाइक और 3 कार जल गई। फायर ब्रिगेड टीम ने 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कोई भी झुलसा या चोटिल नहीं हुआ है। घटना कालवाड़ थाना क्षेत्र के मंगलम सिटी की रविवार दोपहर 2:45 बजे की है। हादसा शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ। आग की लपटों ने पार्किंग में खड़े वाहनों को चपेट में ले लिया। देखते ही देखते पार्किंग में खड़े दर्जनभर वाहन जलने लगे। पहले देखें आग की PHOTOS धुएं से अपार्टमेंट के लोगों की भरने लगी सांस SHO दिलीप सिंह ने बताया- कालवाड़ रोड पर मंगलम सिटी के ए-ब्लॉक स्थित रिहायशी अपार्टमेंट की पार्किंग में रविवार दोपहर आग लग गई। पार्किंग में खड़ी गाड़ियां जलने लगी। अपार्टमेंट में धुआं भरने से बिल्डिंग में मौजूद 80 लोग अंदर ही फंस गए। बिल्डिंग से लपटें उठती देख आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना पर कालवाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से फ्लैट्स में फंसे 80 लोगों को बाहर निकाला। 4 दमकलों ने पाया आग पर काबू पुलिस की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। चार गाड़ियों की मदद से करीब पौन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने बताया- हादसे में कोई भी झुलसा या चोटिल नहीं हुआ है।
