चूरू जिले के राजलदेसर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दीवार का पिलर गिरने से 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई। यह घटना वार्ड 35 में हुई। हादसे के समय युवती घर में दीवार के पास गाय चरा रही थी। इसी दौरान अचानक दीवार का एक पिलर उस पर गिर गया। युवती पिलर के नीचे दब गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने तुरंत युवती को राजलदेसर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। राजलदेसर पुलिस के अनुसार, वार्ड 35 निवासी सांवरमल जाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी बेटी ज्याना की मौत पिलर गिरने से हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
