नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश और श्रीगंगानगर एसपी हरीशंकर ने रविवार को सादुलशहर पुलिस थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने सीएलजी सदस्यों की बैठक बुलाई। बैठक में कानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। सदस्यों से सुझाव भी लिए गए। आईजी ओमप्रकाश ने कहा पंजाब बॉर्डर से सटा सादुलशहर थाना बहुत महत्वपूर्ण है। नगर निकाय चुनाव सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हों, इसके लिए आम नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी है। आईजी ने सदस्यों से अपील की कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का पूरा सहयोग करें। जिले में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की कोई भी जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को बताएं। प्रशासन इस दिशा में लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहा है। बैठक के बाद आईजी ने राजस्थान-पंजाब बॉर्डर स्थित पतली चेकपोस्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को पंजाब से आने-जाने वाले सभी रास्तों पर विशेष निगरानी रखने के सख्त निर्देश दिए। आईजी ने कहा कि नगर निकाय चुनाव को देखते हुए बॉर्डर क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। नगर निकाय चुनाव करीब हैं। प्रशासन की तरफ से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई कोताही नहीं बरती जा रही।
