Pakistan Sugar Industry: भारत में चीनी की कीमतें बढ़ीं, तो पाकिस्तान की चीनी मिलों को इसमें अपने लिए एक मौका नजर आने लगा है। भारत सरकार ने घरेलू बाजार में सप्लाई बढ़ाने के लिए 10 लाख मीट्रिक टन रॉ चीनी के ड्यूटी फ्री आयात की अनुमति दी है। इसके कुछ ही घंटों बाद पाकिस्तान की चीनी इंडस्ट्री ने अपने अतिरिक्त स्टॉक को भारत में बेचने की संभावना तलाशने की मांग उठा दी। मामला इसलिए भी दिलचस्प है, क्योंकि भारत और पाकिस्तान के रिश्ते तनावपूर्ण हैं। दोनों देशों के बीच सामान्य व्यापार लगभग ठप है। अटारी-वाघा सीमा बंद है और हवाई रास्तों पर भी पाबंदियां हैं। ऐसे में पाकिस्तान की चीनी मिलों का भारत की ओर देखना अपने आप में बड़ी बात है। भारत में चीनी के खुदरा दाम बढ़कर करीब 70 रुपये प्रति किलोग्राम हो गए हैं।