पंजाब कांग्रेस के नेताओं के अंदर चल रही कलह अब पार्टी के मंचों तक पहुंचने लगी है। कुछ दिन पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के ‘एक परिवार से एक टिकट’ वाले बयान पर गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने मंच से पलटवार किया। रंधावा ने कहा, “जो कोई यह कहते हैं कि मैं दो-दो टिकटें नहीं दूंगा, जिस बंदे में जीतने की जुर्रत होगी, वह दो नहीं, 4 टिकटें लेकर कांग्रेस को जिताकर लाएंगे।” रंधावा ने यह बयान लुधियाना के इसड़ू में दिया है, जोकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह बयान उस समय आया है, जब चर्चा है कि जल्द ही राहुल गांधी पंजाब दौरे पर आ सकते हैं। माना जा रहा है कि 16 अगस्त को राहुल गांधी का पंजाब प्रोग्राम तय हो जाएगा। क्योंकि अब लोकसभा सेशन खत्म हो चुका है। वहीं, राहुल गांधी भी एक परिवार एक टिकट की वकालत कर चुके हैं। राजा वड़िंग ने टिकट वितरण को लेकर कही ये बातें कही थीं… उपचुनाव में शुरू हुआ था विवाद यह विवाद मुख्य रूप से डेरा बाबा नानक विधानसभा सीट के उपचुनाव को लेकर शुरू हुआ था। सुखजिंदर सिंह रंधावा के सांसद बनने के बाद यह सीट खाली हुई थी और वह यहां से अपनी पत्नी या बेटे के लिए टिकट चाहते थे। उनकी पत्नी जतिंदर कौर को टिकट दी गई थी, लेकिन वह सीट नहीं बचा पाई थीं। राजा वड़िंग के एक परिवार से एक टिकट वाले बयान से रंधावा परिवार का इस सीट पर दावा कमजोर होता है। जबकि, रंधावा परिवार डेरा बाबा नानक सीट पर अपना दावा रखता है। राहुल गांधी भी एक परिवार एक टिकट की वकालत कर चुके राजस्थान के उदयपुर में आयोजित कांग्रेस के ‘नव संकल्प चिंतन शिविर’ (मई 2022) के समापन भाषण में राहुल गांधी ने “एक परिवार, एक टिकट” के नियम को पार्टी में पूरी तरह से लागू करने की पुरजोर वकालत की थी। राहुल गांधी ने अपने समापन भाषण में पार्टी नेताओं के सामने जोर देकर कहा था, “हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि कांग्रेस पार्टी में एक परिवार से केवल एक ही व्यक्ति को चुनाव का टिकट मिले। इस नियम को सख्ती से लागू करने का मुख्य उद्देश्य नए और युवा चेहरों को आगे आने का मौका देना है।” वंशवाद के आरोपियों को जवाब देने लिए फैसला किया था राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व ने यह कदम भाजपा की ओर से लगाए जाने वाले वंशवाद के आरोपों की धार को कम करने और पार्टी में आंतरिक सुधार लाने के उद्देश्य से उठाया था। पंजाब के नेताओं को गुटबाजी पर चेता चुके इससे पहले राहुल गांधी मनरेगा के मुद्दे पर पंजाब में रैली कर चुके हैं। 28 फरवरी को बरनाला रैली में राहुल ने नेताओं को कहा था कि कोई एक खिलाड़ी अकेले मैच नहीं जिता सकता। उसी तरह राजनीति में भी चुनाव जीतने के लिए पूरी टीम को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने नेताओं को साफ चेतावनी दी थी कि “टीम प्लेयर बनकर काम करो, नहीं तो रिजर्व बेंच पर बैठा देंगे।” यानी जो नेता पार्टी के साथ मिलकर काम नहीं करेगा, उसे आगे की राजनीति में किनारे किया जा सकता है। ॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰ यह खबर भी पढ़ें… पंजाब में स्लीपर सेल को टिकट नहीं देगी कांग्रेस, वड़िंग बोले- राहुल गांधी की दो टूक, नए लीडर पैदा करो पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग अब 2022 चुनाव में मिली हार के कारण कार्यकर्ताओं को गिनाने लग गए हैं। राजा वड़िंग 2022 विधानसभा चुनाव में कैंपेन कमेटी के चेयरमैन रहे सुनील जाखड़ को भाजपा का स्लीपर सेल बताकर उसे कांग्रेस पार्टी की हार का सबसे बड़ा कारण गिना रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर…