फाजिल्का में पंजाब राज्य खाद्य आयोग के सदस्य चेतन प्रकाश धालीवाल ने बुधवार को जिले का अचानक दौरा कर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के तहत चल रही विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान सरकारी स्कूलों में बच्चों को दिए जाने वाले मिड-डे मील और आंगनवाड़ी सेंटरों के राशन की जांच की गई। कई स्थानों पर राशन में सुसरी (कीड़े) मिलने से हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान सरकारी मिडिल स्मार्ट स्कूल जंडवाला खरता में चावलों में सुसरी (कीड़े) पाई गई। वहीं सरकारी प्राइमरी स्मार्ट स्कूल जंडवाला खरता में गेहूं और चावलों में भी कीड़े मिले। सदस्य ने संबंधित अधिकारियों को राशन बदलने के निर्देश दिए। सरकारी प्राइमरी स्मार्ट स्कूल रामपुरा में आरओ के पानी की भी जांच की गई। पानी का टीडीएस 275 पाया गया। इस पर उन्होंने समय-समय पर आरओ की गुणवत्ता की जांच करवाने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को पीने योग्य पानी उपलब्ध हो सके। कई जगह पाई गई कमियां आंगनवाड़ी सेंटरों की जांच के दौरान भी गंभीर कमियां सामने आईं। रामपुरा आंगनवाड़ी सेंटर में रखे पूरे राशन में सुसरी (कीड़े) पाई गई। इस पर सदस्य ने डीपीओ को निर्देश दिए कि एनजीओ को पुराना राशन वापस करवाकर नया राशन मंगवाया जाए। वहीं आंगनवाड़ी सेंटर जंडवाला खरता खुला हुआ था, लेकिन निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी वर्कर और हेल्पर दोनों गैरहाजिर पाए गए। सदस्य ने उन्हें चेतावनी देते हुए मामले में कार्रवाई करने की बात कही। कई जगह नहीं बंटा गेहूं उधर निरीक्षण के दौरान राशन डिपो खिओवाली ढाब में गेहूं पहुंच चुका था, लेकिन उसका वितरण शुरू नहीं हुआ था। सदस्य ने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द गेहूं का वितरण शुरू करवाने के निर्देश दिए। चेतन प्रकाश धालीवाल ने कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को तुरंत दूर किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा सामने आई तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कई स्कूलों का किया निरीक्षण इस दौरान सरकारी प्राइमरी स्मार्ट स्कूल रामपुरा, सरकारी मिडिल स्मार्ट स्कूल जंडवाला खरता, सरकारी प्राइमरी स्मार्ट स्कूल जंडवाला खरता, सरकारी प्राइमरी स्मार्ट स्कूल हीरांवाली, सरकारी हाई स्कूल हीरांवाली, आंगनवाड़ी सेंटर रामपुरा, जंडवाला खरता, हीरांवाली तथा राशन डिपो का निरीक्षण किया गया।