पंजाब के कपूरथला में थाना सिटी पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोपी पर 15 लाख रुपए लेकर प्लॉट की रजिस्ट्री शिकायतकर्ता के नाम न करवाने का आरोप है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस को दी शिकायत में गांव संधर जगीर फत्तूढींगा के मुख्तयार सिंह ने बताया कि उन्होंने मोहल्ला प्रीत नगर के सतपाल से 11 मरले का प्लॉट खरीदने का सौदा किया था। मुख्तयार सिंह के अनुसार, सतपाल ने प्लॉट की रजिस्ट्री उनके नाम करवाने का आश्वासन देकर 15 लाख रुपए ले लिए थे। प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं करवाई आरोप है कि काफी समय बीत जाने के बावजूद सतपाल ने मुख्तयार सिंह के नाम पर प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं करवाई। जब शिकायतकर्ता ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने टालमटोल करना शुरू कर दिया। इसके बाद मुख्तयार सिंह ने थाना सिटी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने शिकायत की जांच-पड़ताल के बाद आरोपी सतपाल के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।