कोटा शहर में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने और प्रदूषण मुक्त आवाजाही शुरू करने की तैयारी पूरी हो चुकी है, लेकिन बसों के पहिए सड़कों पर कब घूमेंगे, यह अब राज्य सरकार की मंजूरी पर निर्भर करेगा। पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत कोटा पहुंची 13 ई-बसों के संचालन और उद्घाटन की तिथियों के लिए नगर निगम प्रशासन को अब राज्य सरकार के आदेश का इंतजार है। राज्य सरकार से हरी झंडी मिलेगी तो नियमित होगा संचालन नगर निगम आयुक्त ओपी मेहरा ने स्पष्ट किया है कि बसों को डिपो में खड़ा करने और चार्जिंग स्टेशन समेत तमाम मूलभूत ढांचा तैयार करने का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। अब केवल सरकार स्तर से औपचारिक दिशा-निर्देश और हरी झंडी मिलने की देरी है। जैसे ही राज्य सरकार से हरी झंडी मिलेगी, इन बसों का नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा। तैयारियां पूरी, निर्देशों की दरकार कोटा शहर के लिए कुल 100 ई-बसें स्वीकृत की गई हैं, जिनमें से 13 बसों की पहली खेप सुभाष नगर स्थित डिपो में पहुंच चुकी है। बसों के संचालन के लिए डिपो में जरूरी चार्जिंग पॉइंट और इंफ्रास्ट्रक्चर का काम पूरा कर लिया गया है। संचालन के विस्तृत शेड्यूल को लेकर राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है, जहां से डेट तय होते ही बसों का संचालन शुरू होगा। पुरानी सिटी बसें भी आदेशों तक चलेगी शहर में वर्तमान में कोटा बस सर्विस लिमिटेड के तहत चल रही पुरानी सिटी बसों को लेकर आयुक्त ओपी मेहरा ने बताया कि पुरानी बसों को बंद करने या उनके रूट बदलने के संबंध में राज्य सरकार से कोई नए निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं। जब तक कोई नया आदेश नहीं आता, तब तक पुरानी सिटी बसें अपने निर्धारित रूटों पर चलती रहेंगी
