एक महिला अपने परिवार के साथ आईजी डॉ. प्रीति चंद्रा के पास पहुंची और गांव के कुछ दबंग लोगों और ASI भूरी सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। महिला का आरोप है कि 18 जून की रात घर में घुसकर उसके और परिवार के साथ मारपीट की गई, जबकि उसकी बच्ची के साथ अश्लील हरकत की गई। महिला ने जब मारपीट की शिकायत की तो पुलिस की ओर से राजीनामे का दबाव बनाया गया और बाद में ASI पर घर में घुसकर धमकी देने का भी आरोप लगाया। बोला- घर में मादक पदार्थ रखकर फंसा दूंगा। मामले में थाना अधिकारी पवन यादव के अनुसार कोर्ट के जरिए दर्ज मुकदमे की जांच चल रही है। जब इस मामले में ASI भूरी सिंह का पक्ष जानने की कोशिश की तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। प्लॉट बेचने का दबाव बनाने का आरोप महिला ने बताया कि 18 जून की रात करीब 10 बजे वह अपने बच्चों के साथ घर में सो रही थी। इसी दौरान गांव के कुछ दबंग लोग उसके घर पर आए और अंदर घुस गए। महिला का आरोप है कि दबंगों ने उसके और उसके बच्चों के साथ मारपीट की। इस दौरान उसकी बच्ची के साथ अश्लील हरकत भी की गई। महिला ने आरोप लगाया कि मारपीट करने वाले लोग उस पर और उसके पति पर प्लॉट बेचने का दबाव बना रहे हैं। महिला के अनुसार दबंगों ने धमकी दी कि अगर प्लॉट नहीं बेचा तो वे उस पर कब्जा कर लेंगे। साथ ही यह भी कहा कि पुलिस उनका कुछ नहीं कर पाएगी। महिला ने बताया कि मारपीट की घटना में उसकी बेटी को गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज अभी जारी है। ASI पर राजीनामे का दबाव बनाने का आरोप महिला ने बताया कि घटना के बाद उसने थाने में शिकायत की। आरोप है कि इसके बाद पुलिस की ओर से उस पर राजीनामा करने का दबाव बनाया जाने लगा। महिला का आरोप है कि घटना के दो दिन बाद ASI भूरी सिंह दो लोगों को सिविल ड्रेस में साथ लेकर उसके घर में घुस गया। महिला ने आरोप लगाया कि ASI ने उसे, उसके पति और बच्चों को गालियां दीं। साथ ही घर में मादक पदार्थ रखकर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। आईजी के पास परिवार के साथ पहुंची महिला महिला ने बताया कि पुलिस ने मारपीट को लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया, लेकिन उसकी बच्ची का मेडिकल नहीं करवाया गया। महिला का कहना है कि उसे मामले में न्याय नहीं मिला, इसलिए वह अपने परिवार के साथ आईजी डॉ. प्रीति चंद्रा के पास पहुंची। यहां उसने ASI भूरी सिंह सहित गांव के दबंग लोगों के खिलाफ शिकायत दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कोर्ट के जरिए मुकदमा दर्ज होने की बात कही थाना अधिकारी पवन यादव ने बताया कि महिला ने कोर्ट के जरिए मुकदमा दर्ज करवाया था। मामले को लेकर जांच चल रही है। उन्होंने बताया कि महिला ने जिन लोगों पर आरोप लगाए हैं, उनसे पूछताछ की प्रक्रिया चल रही है।
