चित्तौड़गढ़ के दक्ष हॉस्पिटल में सीजेरियन ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट में मेडिकल कपड़ा (मोप) छूट जाने के मामले में आखिरकार पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। श्री सांवलियाजी जिला हॉस्पिटल के पीएमओ की ओर से गठित मेडिकल टीम ने जांच रिपोर्ट में इसे गंभीर लापरवाही माना। इसी रिपोर्ट के आधार पर दक्ष हॉस्पिटल की डॉक्टर प्रतिभा सनाढ्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125(B) के तहत शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया है। सदर थानाधिकारी प्रेम सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच कर रहे हैं और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ऑपरेशन के डेढ़ महीने बाद अहमदाबाद में सामने आया मामला सदर थानाधिकारी प्रेम सिंह ने बताया कि प्रतापनगर निवासी लोकेश चौधरी ने सदर थाने में रिपोर्ट दी थी, जिसमें बताया कि उनकी पत्नी जया चौधरी गर्भवती थीं। 2 मई 2026 को उन्हें कुंभानगर स्थित दक्ष हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर प्रतिभा सनाढ्य और मेडिकल टीम ने सीजेरियन ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद मां और नवजात को हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी गई। कुछ दिन बाद जया को पेट दर्द, बुखार और उल्टियों की शिकायत शुरू हुई। पहले चित्तौड़गढ़ में इलाज कराया गया, लेकिन तबीयत में सुधार नहीं हुआ और हालत लगातार बिगड़ती गई। इसके बाद 24 जून को उन्हें अहमदाबाद के जायडस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहां जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि पेट के अंदर मेडिकल में इस्तेमाल होने वाला कपड़ा (मोप) रह गया था। शिकायत के अनुसार उसी की वजह से शरीर में गंभीर संक्रमण फैल गया, लीवर और तिल्ली में सूजन आ गई और बड़ी आंत भी प्रभावित होकर फट गई। 27 जून को ऑपरेशन कर पेट से मोप निकाला गया और बड़ी आंत का भी ऑपरेशन करना पड़ा। शिकायत में यह भी कहा गया कि महिला की हालत गंभीर हो गई, बच्चे को मां का दूध नहीं मिल सका और इलाज पर करीब 15 लाख रुपए खर्च हो चुके हैं। डॉक्टर बोले- दिक्कत थी तो पहले चेकअप करवाना चाहिए था
हालांकि, दक्ष हॉस्पिटल की सीनियर डॉक्टर प्रतिभा सनाढ्य का कहना था कि महिला को कोई भी परेशानी थी, तो हॉस्पिटल आकर चेकअप करवाना चाहिए था। अब 2 महीने बाद मोप निकलने की खबर आई है। जबकि हॉस्पिटल से वह ठीक होकर चले गई थी, ऐसे में डॉक्टर ने महिला का दावा गलत बताया था। ये खबर भी पढ़िए… ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट में कपड़ा छोड़ा:दावा- बड़ी आंत फटी, लिवर भी डैमेज हुआ, अहमदाबाद में सर्जरी कर बाहर निकाला
