जयपुर में BRICS की चल रही मीटिंग में हिस्सा लेने विभिन्न देशों के उद्योग जगत के प्रतिनिधि आए हुए हैं। ब्राजील, ईरान, चीन, इथोपिया और भारत के प्रतिनिधि इस विजिट में शामिल रहे। पांच देशों के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को तेज बारिश के बीच गुलाबी नगरी के हैरिटेज जगहों पर विजिट की। बारिश के बावजूद प्रतिनिधिमंडल कई जगह घूमे। प्रतिनिधियों ने पहले सिटी पैलेस का भ्रमण किया। इसके बाद हवामहल पहुंचकर जयपुर की ऐतिहासिक धरोहर को करीब से जाना। इस मौके पर ब्राजील के एक डेलीगेट ने कहा- अगर हवामहल नहीं आते तो बहुत मिस करते। वहीं सिटी पैलेस में बने भव्य दरवाजे खास तौर पर प्रीतम चौक के चारों ओर बने चार दरवाजे देख मेहमान आकर्षित हुए। प्रतिनिधियों ने सिटी पैलेस परिसर के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण किया। यहां की स्थापत्य शैली, कलाकृतियों, दरवाजों और उनसे जुड़ी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के बारे में जानकारी ली। पहले देखें डेलीगेट्स के जयपुर विजिट की PHOTOS… सिटी पैलेस में भव्य दरवाजे ने किया आकर्षित BRICS देशों के उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधिमंडल सुबह सिटी पैलेस पहुंचे। यहां राजस्थान पर्यटन विभाग की ओर से मेहमानों का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। प्रतिनिधियों के लिए विशेष राजस्थानी अंदाज का ब्रेकफास्ट भी रखा गया। सिटी पैलेस में बने भव्य दरवाजे प्रतिनिधियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। खास तौर पर प्रीतम चौक के चारों ओर बने चार दरवाजों ने मेहमानों का ध्यान खींचा। इन दरवाजों पर की गई पारंपरिक चित्रकारी और सजावटी आकृतियों को देखकर प्रतिनिधियों ने इनके बारे में जानकारी ली। पर्यटक गाइड मदन सिंह राजपुरा ने प्रतिनिधियों को दरवाजों पर बनी गणेश और मोर की आकृतियों के सांस्कृतिक महत्व के बारे में बताया। उन्होंने समझाया- भारतीय संस्कृति में घरों के प्रवेश द्वार पर भगवान गणेश की उपस्थिति शुभ मानी जाती है। वहीं मोर भारत की सांस्कृतिक पहचान और गौरव का महत्वपूर्ण प्रतीक है। हवामहल की जालीदार खिड़कियों की दी जानकारी सिटी पैलेस के बाद प्रतिनिधिमंडल हवामहल पहुंचा। इस दौरान जयपुर में तेज बारिश हो रही थी, लेकिन विदेशी मेहमानों ने मौसम की परवाह किए बिना ऐतिहासिक स्मारकदेखने का उत्साह बनाए रखा। हालांकि बारिश तेज होने के कारण प्रतिनिधियों का हवामहल पूरा नहीं घूम सके। हालांकि यहां मुख्य रूप से फोटो सेशन किया गया। हवामहल अधीक्षक सरोजनी चंचलानी और पर्यटक गाइड मदन सिंह राजपुरा ने प्रतिनिधियों को हवामहल के इतिहास, स्थापत्य और इसकी विशिष्ट जालीदार खिड़कियों के बारे में जानकारी दी। ‘हवामहल नहीं आते तो बड़ी चीज मिस कर देते’ गाइड मदन सिंह राजपुरा के अनुसार- ब्राजील के एक प्रतिनिधि ने कहा- यदि हम हवामहल देखने नहीं आते तो बहुत बड़ी चीज मिस कर देते। उन्होंने बारिश के बीच हवामहल की खूबसूरती को देखने के अनुभव को खास बताया। प्रतिनिधि ने हवामहल की सुंदरता की सराहना करते हुए कहा- बारिश के कारण अगर वे यहां नहीं आ पाते तो जयपुर की इस खूबसूरत विरासत को देखने का अवसर उनसे छूट जाता। राजस्थान पर्यटन विभाग के उप निदेशक उपेंद्र शेखावत ने प्रतिनिधियों का स्वागत किया और जयपुर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से उन्हें परिचित कराया। रामबाग पैलेस में डिनर और सांस्कृतिक कार्यक्रम जयपुर यात्रा के दौरान विदेशी प्रतिनिधियों के लिए राजस्थान की शाही मेहमाननवाजी का भी विशेष इंतजाम किया गया। रामबाग पैलेस में प्रतिनिधियों के लिए शुक्रवार शाम डिनर का आयोजन होगा। इस दौरान राजस्थान की कला, संस्कृति और लोक परंपराओं पर आधारित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
