उदयपुर की फतहसागर झील में शुक्रवार को एक बुजुर्ग का तैरता हुआ शव मिला है। आसपास के लोगों ने जब फतहसागर पाल के किनारे झील में शव को तैरते देखा, तो तुरंत अंबामाता थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सिविल डिफेंस की टीम ने कुछ ही देर में शव को पानी से बाहर निकाला और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने शव को एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवा दिया है। सिविल डिफेंस टीम के कैलाश मेनारिया ने बताया कि मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के अनुसार उसकी पहचान यूसुफ अली हुसैन (निवासी: बी-ब्लॉक, हयात मेंशन, न्यू अश्विनी बाजार) के रूप में हुई है।
अंबामाता थाने के एएसआई राजेंद्र सिंह झाला ने बताया कि बुजुर्ग के पानी में डूबने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। हमने परिजनों को इस संबंध में सूचना दे दी है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
