AICC जनरल सेक्रेटरी और प्रदेश सहप्रभारी चिरंजीवी राव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी नए, युवा और सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन और चुनाव में प्राथमिकता दे रही है। राजस्थान में आगामी पंचायत और निकाय चुनाव को देखते हुए कांग्रेस की ओर से लगातार विधानसभा स्तर पर संगठनात्मक बैठकें आयोजित की जा रही हैं। कांग्रेसी कार्यकर्त्ताओं और आमजन की एकराय से प्रत्याशी चुने जाएंगे। आगामी शहरी निकाय व पंचायत राज चुनाव को लेकर आज सीकर जिले की धोद विधानसभा के धोद और लोसल ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की संयुक्त संगठनात्मक बैठक हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने और चुनावी रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया। बैठक में प्रदेश महासचिव प्रद्युम्न सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला, धोद विधानसभा प्रभारी प्रीति मेघवाल, धोद प्रत्याशी रहे जगदीश दानोदिया, पूर्व जिला प्रमुख पूरण कंवर, नगर अध्यक्ष विनोद पुजारी सहित काफी पदाधिकारी और कार्यकर्त्ता मौजूद थे। प्रदेश सहप्रभारी चिरंजीव राव ने कहा कि मजबूत संगठन ही किसी भी राजनीतिक लड़ाई की सबसे बड़ी ताकत होता है। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में कांग्रेस का संगठन मजबूत है और आगामी चुनावों में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी। बैठक में वक्ताओं ने निष्क्रिय कार्यकर्ताओं की जगह जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने की बात कही। धोद विधानसभा प्रभारी प्रीति मेघवाल ने कहा कि निकाय और पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत के लिए संगठन पूरी तरह तैयार है। धोद विधानसभा क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों और वार्डों में अध्यक्षों की नियुक्ति तथा कार्यकारिणी का गठन किया जा चुका है और कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला ने कहा कि पार्टी स्थानीय मुद्दों, किसानों की समस्याओं, शिक्षा, चिकित्सा और बिजली व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।