बांसवाड़ा में युवक ने नाव पलटने की झूठी अफवाह फैला दी। 112 पर फोन कर कहा- नदी में नाव पलट गई है। इसके बाद अपना फोन बंद कर लिया। पुलिस जाब्ते और रेस्क्यू टीम के साथ बचाव करने पहुंची तो मौके पर ऐसा कुछ नहीं मिला। युवक पर्यटकों के बीच ही घूमता रहा था। इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान चाचाकोटा टूरिस्ट प्लेस पर 1 घंटे का जाम लग गया। मामला भूंगड़ा थाना इलाके का रविवार दोपहर का है। देखें…मौके की फोटोज तकनीकी जांच के जरिए कॉल डिटेल निकाली भूंगड़ा थानाधिकारी कैलाश शर्मा ने बताया- झूठी अफवाह फैलाने के आरोप में चाचाकोटा निवासी कन्हैयालाल (20) चरपोटा को पकड़ा है। उससे पूछताछ जारी है। कन्हैयला ने 112 पर कॉल कर नाव पलटने और 2 बच्चों के डूब जाने की सूचना दी थी। पुलिस यहां रेस्क्यू टीम के साथ पहुंची तो मौके पर भारी संख्या में टूरिस्ट मौजूद थे। मामले को लेकर लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि किसी ने अफवाह फैलाई है। पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए कॉल डिटेल निकाली और संदिग्ध की फोटो के आधार पर उसकी पहचान की। आरोपी पुलिस पर नजर रखे था और टूरिस्ट के बीच में ही घूम रहा था। पर्यटकों के बीच छिपकर कार्रवाई देखता रहा ASP नरपत सिंह ने बताया- अब तक की पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी नशे में था और उसने 112 पर कॉल कर दी। इसके बाद अपना फोन बंद करके पर्यटकों के बीच आराम से घूमता रहा। जब पुलिस टीम के साथ पहुंची तब भी पुलिस के आसपास घूम कर कार्रवाई की टोह लेता रहा। ASP ने बताया कि मौके पर करीब 5 से 6 हजार लोग थे। हमने सबसे पहले पहुंच कर नावें गिनी, तो वो पूरी थी। एक भी नाव नदी में नहीं उतरी थी, ऐसे में प्रथम दृष्टया झूठी सूचना लगी। आरोपी युवक का फोन भी बंद आ रहा था इसके बाद तकनीकी सूचना जुटा कर युवक को टूरिस्ट के बीच से पकड़ लिया। सरकारी गाड़ियां भी जाम में फंसी चाचाकोटा अपने 100 से ज्यादा आइलैंड के लिए फेमस है। रविवार के दिन यहां बांसवाड़ा और आसपास के राज्यों से टूरिस्ट घूमने आते हैं। छुट्टी होने के कारण चाचाकोटा में पहले से ही बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद थे। वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। इसी बीच पुलिस के आने पर यहां टूरिस्ट चौंक गए। इसके साथ ही जाम लग गया।