भरतपुर में झाड़ियों में मिले नवजात के शरीर को चूहे और गिलहरी ने जगह-जगह से कुतर दिया था। मासूम के प्राइवेट पार्ट भी कटे थे। उंगलियों को भी कुतर दिया था, जिससे उन पर गहरे घाव हो गए थे। बच्चे को शुक्रवार को भरतपुर जनाना हॉस्पिटल से जयपुर के जेकेलॉन हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। गुरुवार को झीलरा का नगला गांव के पास हाईवे के किनारे दो दिन का बच्चा मिला था। कपड़े से उसका मुंह बंधा हुआ था। सेवर थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करके बच्चे के परिजनों की तलाश शुरू कर दी है। पहले देखिए… घटनाक्रम से जुड़ी 3 तस्वीर झाड़ियों में मिला था बच्चा, मुंह पर बंधा था कपड़ा
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राजा राम भुतौली ने बताया- गुरुवार को झीलरा का नगला गांव के पास हाईवे के नजदीक स्थानीय महिलाएं लकड़ियां काट रही थीं। वहां झाड़ियों में एक नवजात बिना कपड़ों के पड़ा हुआ मिला। बच्चे के मुंह को कपड़े से बांधा गया था। इसके बाद ग्रामीण भीम सिंह बच्चे को थाने लेकर पहुंचा। फिर बच्चे को लेकर जनाना अस्पताल गया। गंभीर हालत को देखते हुए अस्पताल के NICU वार्ड में भर्ती करवाया गया। सूचना पर बाल कल्याण समिति की टीम जनाना अस्पताल पहुंची। बच्चे के शरीर को चूहे और गिलहरी ने कई जगह से कुतर दिया था। उसकी हाथ- पैर की उंगलियां और प्राइवेट पार्ट कई जगह से कटे थे। इन्फेक्शन नहीं हुआ तो, बच सकती है जान
राजा राम भुतौली ने बताया- बच्चे के शरीर के गंभीर घावों को देखते हुए प्लास्टिक सर्जरी की जरूरत थी। ऐसे में बच्चे को जनाना अस्पताल से जयपुर के जेके लोन हॉस्पिटल में रेफर कर दिया गया। शिशु गृह का केयर टेकर बच्चे के साथ गया है। बच्चे का इलाज जारी है। बच्चे के अगर कोई इन्फेक्शन नहीं हुआ तो, उसे बचाया जा सकता है। वैसे बच्चे की हालत ठीक है। बच्चे का जन्म 24 घंटे पहले हुआ था, लेकिन बच्चे के जो घाव थे, वह उसके मिलने के करीब 2 घंटे पहले के थे। बच्चे के बारे में राजकीय शिशु गृह जयपुर को भी बताया है। FIR दर्ज, परिजनों की तलाश जारी
सेवर थाना अधिकारी सतीश चंद ने बताया- बच्चे का जन्म 1-2 दिन पहले हुआ था। इस मामले में FIR दर्ज कर ली गई है। बच्चे के परिजनों की तलाश की जा रही है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
………………..
यह भी पढ़िए…
मुंह कपड़े से बांधकर बच्चे को झाड़ियों में फेंका, VIDEO:जानवरों ने हाथ-पैर नोचा, शरीर से जगह-जगह निकल रहा था खून भीलवाड़ा की तरह भरतपुर में भी नवजात झाड़ियों में मिला। दो दिन के मासूम का मुंह कपड़े से बंधा था, ताकि रोने की आवाज सुनाई न पड़े। नवजात के हाथ-पैर जगह-जगह से जंगली जानवरों ने नोच लिए थे। पूरी खबर पढ़िए