डीडवाना-कुचामन जिले के कुचामन थाना क्षेत्र में पुश्तैनी जमीन को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। आसपुरा रोड पर हुए इस विवाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी, पत्थर और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना में महिलाओं और एक किशोर सहित 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को जिला अस्पताल में कराया भर्ती घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को कुचामन के राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर कुचामन थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। पहले से चल रहा था पुश्तैनी जमीन का विवाद कुचामन थाना के एएसआई शिव भगवान ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुश्तैनी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। यह मामला पहले भी विवाद का कारण बन चुका है और वर्तमान में कोर्ट में विचाराधीन है। इसी विवाद के चलते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों के ये लोग हुए घायल पहले पक्ष से आसपुरा रोड निवासी जमनादेवी (60), पप्पूराम (24), सुनीता (23), जगदीश प्रसाद (21) और पन्नाराम (70) घायल हुए। दूसरे पक्ष से नेखवालों की ढाणी, उगरपुरा निवासी प्रभुदयाल (56), रामेश्वरराम (45), बिमला देवी (38), रविराज कुमावत (15), धन्नी देवी (65) और मोनू कुमावत (19) घायल हुए। जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने घायलों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।