झुंझुनूं में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बगड़ थाना पुलिस ने शनिवार को ग्राम लाम्बा गोठड़ा में कार्रवाई की। पुलिस ने एक खेत पर अचानक छापेमारी कर अवैध रूप से उगाए गए गांजे के हरे पौधों को जब्त किया है। जब्त किए गए पौधों का वजन 9 किलो 490 ग्राम है। पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि विनोद कुमार उर्फ पीरूसिंह (49) पुत्र शीशपाल निवासी ग्राम लाम्बा गोठड़ा, पुलिस थाना बगड़ को गिरफ्तार किया। थाने में NDPS एक्ट (मादक पदार्थ निषेध अधिनियम) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह गांजा किसे बेचने वाला था और क्या इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं। फसल के बीच छुपाकर की जा रही थी गांजे की खेती
बगड़ थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस को लाम्बा गोठड़ा गांव में बिना लाइसेंस अवैध रूप से गांजे की खेती किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम लाम्बा गोठड़ा स्थित संबंधित खेत में दबिश दी। मौके पर निरीक्षण के दौरान खेत में गांजे के हरे-भरे पौधे लहराते हुए पाए गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खेत से कुल 9 किलो 490 ग्राम वजनी गांजे के हरे पौधों को उखाड़कर जब्त कर लिया और आरोपी को हिरासत में ले लिया।