जालंधर के डीएवी हार्ट रेलवे स्टेशन के पास एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। मृतक की पहचान विजयपुर, जम्मू निवासी सुखविंदर कुमार उर्फ टिंकू के रूप में हुई है। सुखविंदर पिछले चार साल से जालंधर में रह रहा था और सब्जी बेचने का काम करता था। जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। मृतक के मालिक सौरभ ने बताया कि सुखविंदर उनकी सब्जी की दुकान पर काम करता था। मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे वह दुकान से छुट्टी कर घर के लिए निकला था। पुलिस जांच में जुटी सौरभ के अनुसार, जब सुखविंदर डीएवी हार्ट रेलवे लाइनों के पास पहुंचा, तो उसे किसी का फोन आ गया। वह मोबाइल पर बात करते हुए रेलवे लाइन पार कर रहा था। दूसरी ओर से आ रही ट्रेन की आवाज सुनकर लोगों ने उसे चेतावनी देने की कोशिश की, लेकिन वह सुन नहीं पाया और ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जीआरपी थाने के हेड कांस्टेबल प्रितपाल सिंह ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम से डीएवी हार्ट रेलवे लाइन पर ट्रेन दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि परिवार के बयानों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।