अमृतसर शहर के बटाला रोड पर शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने भीषण हादसा कर दिया। यूडियो शोरूम के पास पिलर नंबर 106 के निकट हुई घटना में कार ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी और फिर कई अन्य वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कई लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सफेद रंग की यह कार लगभग 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी। ऑटो को टक्कर मारने के बाद, इसने 4 से 5 अन्य गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। अंततः कार बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में ऑटो में सवार दो महिलाएं, एक बच्चा और ऑटो ड्राइवर घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना में अन्य वाहनों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। कार ड्राइवर नशे में था प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि कार ड्राइवर शराब के नशे में था। लोगों द्वारा कार से बाहर निकाले जाने पर उसने हंगामा किया और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों व अन्य लोगों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। हालांकि, ड्राइवर के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। पंजाब सरकार की कार पर लगी थी प्लेट घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने दावा किया कि दुर्घटनाग्रस्त कार पर पंजाब सरकार की लाल नंबर प्लेट लगी हुई थी। इस दावे के बाद कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। मामले की जांच में जुटी पुलिस पुलिस अधिकारी गुरनाम सिंह ने बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है। कार मालिक, ड्राइवर की पहचान और उसके नशे में होने सहित सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।