डीग पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन एंटीवायरस” के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ के निर्देश पर कामां थाना पुलिस ने 4 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया और 2 नाबालिगों को डिटेन किया। इनके पास से 7 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1 अतिरिक्त सिम कार्ड बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई 30 जुलाई को भोजनथली के पास जंगल क्षेत्र में की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर छह युवकों को मोबाइल फोन चलाते हुए पकड़ा। पूछताछ में उनकी साइबर ठगी में संलिप्तता सामने आने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सकील (24), अरबाज (21), जिलसाद खान (20) और आकिल खान (20) के रूप में हुई है। दो नाबालिगों को भी डिटेन किया गया है। कामां थाने में विभिन्न धाराओं के साथ आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि ये आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाते थे। वे लोगों को सस्ते दामों पर कपड़े, महंगे डीजे साउंड और मशीनरी कम कीमत में उपलब्ध कराने का झांसा देते थे। इसके लिए वे फर्जी विज्ञापन डालते थे और फिर फर्जी स्कैनर या बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करवाकर लोगों से ठगी करते थे। इस कार्रवाई में कामां थाना पुलिस और डीग साइबर सेल की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
