बालोतरा में पिता की दवा लेकर लौट रहे मां-बेटे की बाइक सड़क पर पड़े मृत पशु से टकराकर अनियंत्रित हो गई और खाई में जा गिरी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर मदद की और एंबुलेंस की सहायता से दोनों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रेफर कर दिया गया। हादसा बालोतरा जिले के गुड़ामालानी क्षेत्र में शेरानियों की कटाई के पास मंगलवार रात करीब 11 बजे हुआ। गुड़ामालानी से बस से गए थे जोधपुर, लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बाड़मेर के सनावड़ा गांव निवासी अर्जुनराम (38) पुत्र मंगलाराम अपनी मां कुसुंबी देवी (65) के साथ मंगलवार सुबह बाइक से गुड़ामालानी आए थे। दोनों ने गुड़ामालानी में बाइक खड़ी की और वहां से बस से जोधपुर गए। पिता की दवा और मां का आधार कार्ड अपडेट करवाने गए थे
घायल अर्जुनराम ने बताया कि वह अपने पिता के लिए दवा लेने जोधपुर गए थे। वहीं, मां कुसुंबी देवी का आधार कार्ड अपडेट करवाने के लिए उन्हें भी साथ लेकर गए थे। शाम को दोनों बस से वापस गुड़ामालानी पहुंचे। इसके बाद बाइक से अपने गांव के लिए रवाना हो गए। सड़क पर पड़े मृत पशु नहीं दिखे, बाइक टकराकर खाई में गिरी
गुड़ामालानी से करीब 12 किलोमीटर दूर शेरानियों की कटाई गांव के पास सड़क पर कुछ मृत पशु पड़े हुए थे। अर्जुनराम ने बताया कि सामने से आ रही गाड़ी की लाइट की वजह से सड़क पर पड़े पशु दिखाई नहीं दिए और बाइक उनसे टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। लोगों ने पहुंचकर बचाया, प्राथमिक उपचार के बाद दोनों रेफर
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस चालक बालकिशन दोनों घायलों को गुड़ामालानी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बाड़मेर जिला हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।