पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों आज बठिंडा के तलवंडी साबो स्थित गांव गाटवाली पहुंचे। उन्होंने इस दौरान मौजूदा पंजाब सरकार पर जमकर निशाना साधा और राज्य की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। ढिल्लों ने कहा कि एक समय पंजाब देश में नंबर एक राज्य हुआ करता था, लेकिन आज यह 22वें स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने इसके लिए मौजूदा सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने बताया कि वह हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर आए हैं। प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया है कि पंजाब के लिए जो भी करना पड़ेगा, केंद्र सरकार वह सब करेगी। मीडिया से बातचीत में केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है। खुलेआम नशा बिक रहा है और गैंगस्टर सक्रिय हैं। उन्होंने संगरूर में बीजेपी कार्यालय पर हुए हमले का भी जिक्र किया। अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि वह पंजाब को लूटने आए हैं, जैसे अहमद शाह अब्दाली आया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब को लूटने के लिए केजरीवाल जिम्मेदार हैं। पेपर लीक के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा उन्होंने पेपर लीक के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। ढिल्लों ने बताया कि सिर्फ फरीदकोट ही नहीं, पंजाब में कुल 6 पेपर लीक हुए हैं, लेकिन किसी भी मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि AAP नेता दिल्ली जाकर नारे लगाते हैं, लेकिन पंजाब में उनका मुंह बंद रहता है। भगवंत मान के पास कोई अधिकार नहीं ढिल्लों ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के पास कोई अधिकार नहीं है और उन्हें दिल्ली से रिमोट कंट्रोल के जरिए चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मान केवल एक मुखौटा हैं, असली शासन केजरीवाल चला रहे हैं। कांग्रेस में कुर्सी की लड़ाई पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल के दौरे पर टिप्पणी करते हुए ढिल्लों ने कहा कि कांग्रेस में कुर्सी की लड़ाई चलती रहेगी और यह कभी खत्म नहीं होगी। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में कांग्रेस अब खत्म हो चुकी है। इसके विपरीत, भाजपा में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर कोई भ्रम नहीं होता। उन्होंने राजस्थान का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा संगठन में ऐसे व्यक्ति को भी मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।
