जयपुर में स्टूडेंट्स से इसरो के अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला सहित साइना नेहवाल और अभिनेता विक्रांत मैसी चर्चा करेंगे। जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी में तीन दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम ‘ओरिएंट 2026’ 29 से 31 जुलाई तक आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में देशभर से आए 7 हजार से अधिक नए विद्यार्थियों का स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम में अशोक चक्र से सम्मानित भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और इसरो के अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला विद्यार्थियों से संघर्ष, अनुभव और सफलता की कहानियां शेयर करेंगे। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक पहुंचने वाले पहले भारतीय के रूप में शुभांशु विद्यार्थियों को अंतरिक्ष मिशन, ट्रेनिंग और चुनौतियों से भरे सफर के बारे में बताएंगे। साइना नेहवाल बताएंगी सफलता का फॉर्मूला वहीं भारत की पहली विश्व नंबर-1 बैडमिंटन खिलाड़ी, पद्म भूषण और पद्मश्री से सम्मानित साइना नेहवाल भी 29 जुलाई को विद्यार्थियों से रूबरू होंगी। साइना खेल जीवन के अनुभव शेयर करते हुए बताएंगी कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, अनुशासन, अभ्यास से मिलती है। उनका सत्र विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य तय करने और हर चुनौती का आत्मविश्वास के साथ सामना करने के लिए प्रेरित करेगा। विक्रांत मैसी सुनाएंगे संघर्ष से सफलता तक की कहानी कार्यक्रम में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता विक्रांत मैसी ‘लीडर्स ऑफ टुमॉरो’ सत्र में जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी के वाइस चेयरपर्सन अर्पित अग्रवाल के साथ संवाद करेंगे। विक्रांत अभिनय करियर, शुरुआती संघर्ष, असफलताओं और मेहनत के बल पर मिली सफलता की कहानी विद्यार्थियों के साथ साझा करेंगे। स्टार्टअप, एआई और नेतृत्व पर भी होंगे विशेष सत्र तीन दिवसीय कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ विद्यार्थियों को भविष्य की संभावनाओं से भी परिचित कराएंगे। उदयपुर के पूर्व राजघराने की निवृत्ति कुमारी मेवाड़ विरासत और उद्यमिता पर विचार रखेंगी। वित्त विशेषज्ञ सार्थक आहूजा वित्तीय प्रबंधन की जानकारी देंगे, जबकि जयंत मुंधड़ा और अर्जुन वैद्य स्टार्टअप और उद्यमिता पर अनुभव शेयर करेंगे। निवेदन राठी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की नई संभावनाओं और भविष्य के करियर पर चर्चा करेंगे। वहीं पूर्व आईएएस अधिकारी विवेक अत्रे नेतृत्व, व्यक्तित्व विकास और प्रशासनिक दृष्टिकोण पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे।
