ब्यावर के डांगवाड़ा तालाब में रविवार शाम दो बच्चों के डूबने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव तालाब से बरामद कर लिए गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पांच बच्चे गए थे तैरने डूबने वाले बच्चों की पहचान मोहम्मद अयूब के पुत्र रिहान और आशिफ के पुत्र मुस्तफा के रूप में हुई है। रविवार शाम पांच बच्चे तालाब में तैरने गए थे। इसी दौरान रिहान और मुस्तफा गहरे पानी में डूब गए। साथ मौजूद तीन बच्चों ने बाहर निकलकर घटना की जानकारी परिजनों और लोगों को दी। संयुक्त टीम ने चलाया सर्च अभियान घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी एजेंसियों ने संयुक्त रूप से तालाब में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया और कई घंटों तक गहन तलाश की। दो अलग-अलग टीमों ने निकाले शव सर्च अभियान के दौरान फायर विभाग के वाहन ड्राइवर जीवराज बॉयत ने एक बच्चे का शव तालाब से बाहर निकाला, जबकि दूसरे बच्चे का शव एसडीआरएफ की टीम ने बरामद किया। इन कार्मिकों ने निभाई अहम भूमिका बचाव अभियान में फायर विभाग के जीवराज बॉयत, विक्की राठौड़, मोहम्मद इस्माईल, कृष्ण गुर्जर, देवीलाल योगी, रमेश सोलंकी, लाल सिंह और गजेंद्र सिंह सहित पुलिस, एसडीआरएफ तथा सिविल डिफेंस के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई दोनों बच्चों के शव कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
