टोंक जिला पुलिस ने ‘नशा मुक्त टोंक अभियान’ के तहत मेहंदवास थाना क्षेत्र में आरोपी खेत मालिक द्वारा फसलों के बीच छुपाकर की जा रही गांजे की अवैध खेती का भंडाफोड़ किया है। जिला एसपी रोशन मीना (आईपीएस) के निर्देशन में मेहन्दवास थाना पुलिस ने सोयला ग्राम में एक खेत पर दबिश दी, जहां गन्ने और रजगे (चारे) की फसल की आड़ में गांजा उगाया जा रहा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से आरोपी कैलाश (55) पुत्र घासीलाल माली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने आरोपी के खेत में से गांजे के 15 हरे पौधे बरामद किए हैं, जिनका कुल वजन 16.364 किलो पाया गया। इस बड़ी बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ मेहन्दवास थाने में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8/20 (ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी खेत मालिक ने पुलिस से बचने के लिए गन्ने और रजके की फसल के बीच यह गांजे के पौधे उगा रखे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आज यह कार्रवाई ASP रतनलाल भार्गव के निर्देशन में, टोंक डीएसपी मृत्युन्जय मिश्रा के सुपरविजन में और थानाधिकारी रामसिंह यादव के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की है।
