गुरदासपुर केकस्बा फतेहगढ़ चूड़ियां में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब खुली लिफ्ट (हाइड्रॉलिक ट्रॉली) के साथ सड़क पर दौड़ रहे एक तेज रफ्तार टिपर ने बिजली के बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाया। टिपर की उठी हुई लिफ्ट सड़क के ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों और खंभों से टकराती चली गई, जिससे कई खंभे टूट गए और ट्रांसमिशन लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। यह हादसा डेरा बाबा नानक – फतेहगढ़ चूड़ियां मुख्य मार्ग पर घटित हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बेकाबू होकर दौड़ रहे टिप्पर को देखकर आसपास के लोगों ने चालक को रुकने का इशारा किया और शोर मचाया, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। वह लगातार शहर के रास्ते पर दौड़ता रहा और बिजली के खंभों व तारों को उखाड़ता चला गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बारिश के कारण सड़क पर कम थी आवाजाही, बड़ा हादसा टला स्थानीय निवासियों बलबीर सिंह, अमोलक सिंह और गगन शर्मा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हादसे के समय इलाके में तेज बारिश हो रही थी। बारिश के कारण सड़क पर लोगों और वाहनों की आवाजाही सामान्य से काफी कम थी। यही वजह रही कि इतने बड़े हादसे के बावजूद कोई राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया और एक बड़ी अनहोनी होने से बच गई। हालांकि, टिपर की इस लापरवाही के कारण पावरकॉम (बिजली विभाग) को भारी वित्तीय व बुनियादी नुकसान पहुंचा है और इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस व प्रशासन से लापरवाह टिपर चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।