अलवर शहर के एक थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि पति पिछले कई सालों से उसके सबसे छोटे बेटे को अपना बच्चा मानने से इनकार कर रहा था। इसी बात को लेकर वह आए दिन ताने देता और मारपीट करता था। महिला ने पति पर तीन तलाक देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीसरे बेटा सांवला होने से पिता ने जताया शक महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी करीब 12 साल पहले हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। आरोप है कि पति सबसे छोटे बेटे की पितृत्व को लेकर उस पर शक करता है। उसका कहना था कि बड़े दोनों बच्चे गोरे हैं, जबकि सबसे छोटा बेटा गेहुएं रंग का है। इसी बात को लेकर पति अक्सर महिला को ताने देता था और बच्चे को अपना मानने से इनकार करता था। बच्चे को खुद की संतान मानने से इनकार महिला का आरोप है कि , 15 जुलाई की रात पति घर आया और इसी मुद्दे को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि पति ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद तीन बार “तलाक, तलाक, तलाक” कहकर उसे छोड़ने की बात कही। पति ने कहा “आज से तुझे आजाद कर दिया।” महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति पहले से ही उसके साथ मारपीट करता था और घरेलू खर्च नहीं देता था। इस संबंध में पहले भी कानूनी कार्रवाई चल रही है, लेकिन इसके बावजूद उसका व्यवहार नहीं बदला।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
