बाड़मेर और बालोतरा में लंबे इंतजार के बाद बुधवार शाम मौसम ने करवट ली। तेज आंधी के बाद बारिश शुरू हुई, जो करीब एक घंटे तक रुक-रुककर होती रही। बाड़मेर में रात साढ़े 8 बजे तक 20.8 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश से शहर की कई सड़कें पानी से लबालब हो गईं। फिलहाल भी रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। बारिश का इंतजार कर रहे थे किसान, गर्मी से भी मिली राहत बारिश नहीं होने से किसान काफी दिनों से चिंतित थे। अच्छी बारिश की कामना के लिए यज्ञ और आहुतियां भी दी गई थीं। जुलाई के 21 दिन बीत जाने के बाद भी अच्छी बारिश नहीं होने से अकाल जैसे हालात की चिंता बढ़ रही थी। बुधवार सुबह से उमस ने लोगों को परेशान कर रखा था। शाम को तेज हवाएं चलीं और इसके बाद बारिश शुरू हो गई। बारिश से दिनभर की गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली और मौसम सुहाना हो गया। मौसम विभाग ने बाड़मेर में 25 जुलाई तक मेघगर्जना, तेज हवाओं और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। बालोतरा के समदड़ी में बाजार की सड़कें पानी से भरीं बालोतरा जिले के समदड़ी कस्बे में भी बुधवार को पूरे दिन उमस और बादलों की आवाजाही बनी रही। शाम करीब 6:30 बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर में मुख्य बाजार की सड़कों पर पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को आने-जाने में परेशानी हुई। बारिश से मौसम ठंडा हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। 6 जुलाई के बाद पहली अच्छी बारिश बाड़मेर में मानसून की एंट्री के दौरान 6 जुलाई को शहर और आसपास के कुछ इलाकों में बारिश हुई थी, लेकिन जिले के अधिकांश हिस्से सूखे रहे। इसके बाद करीब 18 दिन तक अच्छी बारिश नहीं हुई। बुधवार को शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में भी अच्छी बारिश होने की खबरें मिली हैं, जिससे किसानों और आम लोगों ने राहत की सांस ली।
