जालोर-सिरोही सांसद लुम्बाराम चौधरी ने सिरोही एवं जालोर जिलों में श्री अमरनाथ यात्रा पंजीकरण के लिए पंजाब नेशनल बैंक (PNB) को अधिकृत करने हेतु एक पत्र लिखा है। यह पत्र जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. मनदीप के. भंडारी और पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी को संबोधित किया गया है। सांसद चौधरी ने अपने पत्र में बताया कि राजस्थान के सिरोही और जालोर जिलों से हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री अमरनाथ यात्रा में शामिल होते हैं। वर्तमान में इन दोनों जिलों में यात्रा पंजीकरण के लिए कोई भी अधिकृत बैंक शाखा उपलब्ध नहीं है। इस कारण श्रद्धालुओं को पंजीकरण के लिए अन्य जिलों की यात्रा करनी पड़ती है, जिससे उन्हें अनावश्यक रूप से समय, धन और कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। जनहित और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए, सांसद ने पंजाब नेशनल बैंक की सिरोही शाखा को श्री अमरनाथ यात्रा पंजीकरण के लिए अधिकृत शाखा घोषित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि यह शाखा सिरोही और जालोर दोनों जिलों के श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक होगी और इससे हजारों यात्रियों को स्थानीय स्तर पर पंजीकरण की सुविधा मिल सकेगी।