जयपुर में एक मकान में सिलेंडर भभकने से एक महिला 90% झुलस गई। यह हादसा मोतीडूंगरी थाना क्षेत्र स्थित मोतीडूंगरी रोड के आनंदपुरी इलाके में सोमवार शाम साढे़ 6 बजे हुआ। गली नंबर-1 स्थित मकान संख्या P-12 की दूसरी मंजिल पर हुए हादसे में गंभीर घायल महिला स्वाति सैनी (40) को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। घटना की सूचना मिलते ही मोतीडूंगरी थाना प्रभारी मोहन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री) टीम को भी मौके पर बुलाया गया। शुरुआती जांच में पुलिस पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध मानकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है। मोतीडूंगरी थानाधिकारी मोहन सिंह ने बताया- घर में महिला स्वाति सैनी अकेली थी। दूसरे फ्लोर पर रखे सिलेंडर में से गैस चूल्हे से पाइप और रेगुलेटर को हटाया गया था। सूचना पर पहुंचकर महिला को 112 पुलिस गाड़ी से SMS इलाज के लिए रवाना किया गया। इसके बाद परिजन महिला को इलाज के लिए दुर्लभजी हॉस्पिटल ले गए। घायल स्वाति सैनी एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। उनकी शादी हरीश सैनी से हुई है। दंपती की दो बेटियां हैं। दूसरी मंजिल के हॉल में लगी आग पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई कि सिलेंडर किचन में नहीं, बल्कि हॉल में रखा था। दूसरी मंजिल पर स्वाति सैनी अपने पति हरीश सैनी के साथ रहती थीं, जबकि हॉल के आगे किचन बना हुआ है। मौके पर हॉल में आग लगने के कारण कमरे में काले धुएं के निशान दिखाई दिए। वहीं कमरे में लगी एक तस्वीर का शीशा भी टूटा हुआ मिला। एक ही मकान में रहता है परिवार जानकारी के अनुसार- मकान की पहली मंजिल पर स्वाति के जेठ गोविंद और जेठानी रीना रहते हैं। परिवार में सास गीता देवी और ससुर सत्यनारायण सैनी भी निवास करते हैं। मकान का ग्राउंड फ्लोर किराए पर दिया हुआ है। पुलिस ने जुटाए सबूत पुलिस और एफएसएल टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग वास्तव में सिलेंडर ब्लास्ट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। घटनास्थल की परिस्थितियां सामान्य सिलेंडर दुर्घटना से अलग दिखाई देने के कारण पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट और एफएसएल की राय के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
