जयपुर ईस्ट पुलिस ने स्मैक बेचने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला के पास से 7 ग्राम 15 मिलीग्राम स्मैक और बिक्री से प्राप्त 17,200 रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला बाहर से स्मैक मंगवाकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर जयपुर में नशा करने वालों को बेचती थी। डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्रताप नगर क्षेत्र में स्मैक बेच रही रेखा सांसी (28) पत्नी सोनू सांसी को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से तारपुरा, थाना दादिया, जिला सीकर की रहने वाली है और वर्तमान में खानिया बांधा कच्ची बस्ती, ट्रांसपोर्ट नगर में रह रही थी। पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 7 ग्राम 15 मिलीग्राम स्मैक और 17,200 रुपए नकद बरामद किए। बरामद नकदी को स्मैक बिक्री की राशि माना जा रहा है। आरोपी के खिलाफ ट्रांसपोर्ट नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पूछताछ में आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि वह काफी समय से स्मैक बेचने का काम कर रही थी। उसका पति सोनू सांसी बाहर से स्मैक लाकर देता था, जिसे वह 200 और 300 रुपए की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर नशे के आदी लोगों को बेचती थी। स्मैक खत्म होने पर उसका पति दोबारा नई खेप उपलब्ध करा देता था। महिला आसपास के क्षेत्रों में घूम-घूमकर भी स्मैक की बिक्री करती थी। पुलिस अब आरोपी महिला से स्मैक की सप्लाई चेन, उसके पति की भूमिका और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि मादक पदार्थ की खेप कहां से लाई जा रही थी और किन-किन इलाकों में इसकी आपूर्ति की जाती थी। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी महिला का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में भी ट्रांसपोर्ट नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन ‘क्लीन स्वीप’ के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।