कोटा में एक दिन में दो अलग-अलग जगह पर मामूली विवाद के कारण एक युवक सहित एक बुजुर्ग की हत्या हो गई। यह वारदातें कोटा ग्रामीण के सीमलिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को करीब 8 घंटे के अंदर हुईं। पहली घटना मोतिकुआ गांव में हुई। यहां दो भाइयों के बीच शराब पीने के दौरान कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर एक भाई ने लकड़ी से दूसरे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर घायल की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं दूसरी वारदात मंडोला गांव में हुई। यहां मामूली बात को लेकर दो पड़ोसियों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के दौरान आरोपी ने पड़ोसी बुजुर्ग पर चाकू से हमला कर दिया। इसमें घायल की मौत हो गई। शराब पीने के दौरान भाइयों में हुई कहासुनी, एक की मौत सीमलिया थाना क्षेत्र के मोतिकुआ गांव निवासी हेमराज और उसके भाई राजू लश्करी (45) के बीच शराब पीने के दौरान शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि हेमराज ने लकड़ी से भाई पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर घायल राजू को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सीमलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे में आरोपी हेमराज को डिटेन कर लिया। पड़ोसियों के विवाद में बुजुर्ग की मौत वहीं, दूसरी घटना मंडोला गांव में मामूली बात को लेकर दो पड़ोसियों के बीच शुक्रवार शाम करीब 6 बजे विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपी अंकुर शृंगी ने पड़ोसी बद्रीलाल (65) पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर घायल बद्रीलाल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी अंकुर की ज्वेलरी शॉप है। दोहरी हत्या की घटनाओं के बाद कोटा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने तुरंत विशेष टीमों का गठन किया।
