नेटफ्लिक्स की चर्चित वेब सीरीज ‘मिसमैच्ड’ के चौथे और अंतिम सीजन की शूटिंग इन दिनों राजस्थान में जारी है। जयपुर शेड्यूल के अंतिम चरण में मंगलवार देर रात शहर की खूबसूरत लोकेशन जलमहल के सामने बॉलीवुड अभिनेता रणविजय सिंह और ‘चक दे इंडिया’ फेम अभिनेत्री विद्या मालवड़े शूटिंग करते नजर आए। दोनों कलाकारों के सीक्वेंस को देखने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक मौके पर पहुंच गए, जिससे देर रात तक जलमहल क्षेत्र में फिल्मी माहौल बना रहा। शूटिंग के दौरान विद्या मालवड़े को एक रॉयल एनफील्ड बुलेट चलाते हुए फिल्माया गया, जबकि बाइक के पीछे अभिनेता रणविजय सिंह बैठे नजर आए। यह सीन पूरी तरह तकनीकी सुरक्षा के साथ शूट किया गया। बाइक को एक विशेष शूटिंग ट्रक से सुरक्षा उपकरणों के माध्यम से बांधा गया था, ताकि कैमरे के सामने बाइक चलाने का दृश्य वास्तविक लगे और कलाकार पूरी तरह सुरक्षित रहें। कैमरा यूनिट ने कई एंगल से इस सीन को फिल्माया। पहले देखिए शूटिंग के फोटोज
शूटिंग देखने उमड़े फैंस शूटिंग की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में जयपुरवासी और युवाओं का हुजूम जलमहल पहुंच गया। कई लोग अपनी बाइकों पर वहां पहुंचे और शूटिंग देखने के लिए देर रात तक इंतजार करते रहे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रोडक्शन हाउस की ओर से बाउंसर्स और सुरक्षा कर्मियों की विशेष व्यवस्था की गई थी। फैंस कलाकारों की एक झलक पाने और उनके साथ तस्वीरें लेने के लिए उत्साहित नजर आए। ‘मिसमैच्ड’ के अंतिम सीजन में मुख्य भूमिकाओं में रोहित सराफ और प्राजक्ता कोली एक बार फिर ऋषि और डिंपल के किरदार में दिखाई देंगे। जयपुर में पिछले कई दिनों से फिल्म कॉलोनी, चौड़ा रास्ता, रामनिवास बाग और अन्य लोकेशनों पर शूटिंग की गई। अब दोनों मुख्य कलाकार जयपुर का अपना शेड्यूल पूरा कर चुके हैं। रणविजय सिंह और विद्या मालवड़े ने फिल्माए सीन वेब सीरीज के इस चरण में रणविजय सिंह और विद्या मालवड़े के महत्वपूर्ण सीन की भी शूटिंग की गई। रणविजय सिंह लंबे समय से फिल्मों, वेब सीरीज और टेलीविजन में सक्रिय हैं, जबकि विद्या मालवड़े ने शाहरुख खान अभिनीत सुपरहिट फिल्म ‘चक दे इंडिया’ में गोलकीपर विद्या शर्मा की भूमिका निभाकर विशेष पहचान बनाई थी। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों और ओटीटी प्रोजेक्ट्स में अपनी अभिनय क्षमता का परिचय दिया। सूत्रों के अनुसार, जयपुर का पूरा शूटिंग शेड्यूल समाप्त होने के बाद वेब सीरीज की पूरी यूनिट बुधवार को जोधपुर के लिए रवाना हो गई है। अब अगले चरण की शूटिंग जोधपुर की विभिन्न लोकेशनों पर होगी। संध्या मेनन के चर्चित उपन्यास ‘व्हेन डिंपल मेट ऋषि’ पर आधारित ‘मिसमैच्ड’ नेटफ्लिक्स की सबसे लोकप्रिय युवा वेब सीरीज में शामिल रही है। इसका चौथा सीजन इस कहानी का अंतिम अध्याय होगा, जिसमें डिंपल और ऋषि की यात्रा अपने निर्णायक मुकाम पर पहुंचेगी। यही वजह है कि इस सीजन को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।