खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़ बास थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक के परिजनों ने उसकी प्रेमिका, उसके पिता और परिवार के अन्य सदस्यों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आठ जनों के खिलाफ हत्या का मुकमदा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अलवर के किथूर गांव निवासी प्रमोद (25) को 12 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 1 बजे खानपुर निवासी पूर्ण जाटव ने अपनी बेटी संगीता के रिश्ते की बात करने के लिए बुलाया था। प्रमोद और संगीता पहले साथ पढ़ते थे और एक-दूसरे से परिचित थे। कमरे में बंधक बनाकर प्रताड़ित किया, फिर पिलाया जहर पिता हरि नारायण ने बताया कि उसका बेटा प्रमोद खानपुर पहुंचा, तो पूरण जाटव उसकी बेटी संगीता और परिवार के अन्य लोगों ने उस पर संगीता से संबंध खत्म करने का दबाव बनाया। जब प्रमोद ने मना किया, तो आरोपियों ने उसे जान से मारने और झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद पूरण, अशोक, कविता, संगीता, अंजली, वर्षा, पोला और धनराज ने मिलकर प्रमोद को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया और उसे जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। इलाज के दौरान तोड़ा दम, मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम जहर खाने के बाद प्रमोद की तबीयत बिगड़ने पर उसे 108 एंबुलेंस की मदद से किशनगढ़ बास के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे अलवर रेफर कर दिया। अलवर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 14 जुलाई की सुबह करीब 5 बजे प्रमोद की मौत हो गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि संगीता ने प्रमोद से अपने जीजा के खाते में करीब 90 हजार रुपए भी ट्रांसफर करवाए थे। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की तफ्तीश में जुट गई है।