मोगा के पहाड़ा सिंह चौक क्षेत्र से 23 दिन पहले लापता हुए 17 वर्षीय विजय का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। इस मामले में मंगलवार को परिजनों और मोहल्ला निवासियों ने संबंधित थाने के बाहर धरना दिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष जताते हुए विजय की जल्द बरामदगी की मांग की। लापता युवक की माता कुलदीप कौर ने बताया कि विजय अपने एक दोस्त के साथ घर से निकला था। दोस्त ने एक बार फोन पर विजय से बात भी करवाई थी, लेकिन उसके बाद से विजय से कोई संपर्क नहीं हो पाया और न ही उसके बारे में कोई जानकारी मिली। कुलदीप कौर बोली- पुलिस को नहीं मिली कोई सफलता कुलदीप कौर के अनुसार, परिवार ने अपने स्तर पर हर संभव जगह उसकी तलाश की और पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई। हालांकि, 23 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस की कार्रवाई संतोषजनक नहीं रही, जिसके कारण उन्हें मजबूर होकर थाने के बाहर धरना देना पड़ा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए विजय को जल्द से जल्द तलाश कर परिवार से मिलाया जाए। इस संबंध में थाना प्रभारी गुरपाल सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद से पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही है। विभिन्न स्थानों पर छापेमारी और तलाश अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है और उम्मीद है कि लापता युवक को जल्द ही खोज लिया जाएगा। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी के पास विजय के संबंध में कोई जानकारी हो तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करे।
