बालोतरा जिले में प्रिंसिपल और 3 ग्रेड सेकेंड टीचरों के तबादले होने पर स्कूली बच्चियां फूट-फूटकर रोने लग गईं। नाराज छात्र-छात्राओं और परिजनों ने स्कूल गेट पर ताला जड़कर तबादला निरस्त करने की मांग करने लगे। छात्र-छात्राएं स्कूल के बाहर बैठ गए। सूचना पर शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बच्चों-परिजनों से बात की। उनकी मांग को देखते हुए 3 टीचरों को डेपुटेशन पर लगाया। इसके बाद बच्चों-परिजनों ने स्कूल का गेट खोल दिया। मामला धोरीमना इलाके के गेनाणियों का तला गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल का है। देखिए- छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन की तस्वीरें प्रिंसिपल और तीन टीचर के ट्रांसफर से बढ़ी नाराजगी
10 जुलाई तक प्रदेश में हर विभाग में तबादले हो रहे थे। इसमें प्रिंसिपल और ग्रेड सेकेंड टीचर्स के भी तबादले हुए। स्कूल के प्रिंसिपल देवाराम चौधरी, सीनियर टीचर रेखाराम, देरावर सिंह और जगमाराम का भी अन्य स्कूलों में तबादला कर दिया गया। टीचर्स के ट्रांसफर की सूचना छात्र-छात्राओं को मिली तो वे नाराज हो गए। बच्चों के साथ पेरेंट्स ने भी स्कूल गेट पर ताला लगाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और शिक्षकों का तबादला निरस्त करने की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्टूडेंट्स से बात की। इस दौरान कुछ छात्राएं फूट-फूटकर रोने लगीं। इसके बाद ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने उच्चाधिकारियों से बात की। स्कूल में 300 से ज्यादा स्टूडेंट्स पढ़ रहे
पेरेंट्स का कहना है कि स्कूल में 300 से ज्यादा स्टूडेंट्स पढ़ने आते हैं। स्कूल में कुल 10 स्टाफ था। इनमें से प्रिंसिपल और 3 सीनियर टीचर का ट्रांसफर होने से पढ़ाई की पूरी व्यवस्था बिगड़ जाएगी। सरकार और प्रशासन या तो शिक्षकों के तबादले निरस्त करें या हमारे बच्चों की टीसी दें। सहायक मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (एसीबीईओ) बाबूलाल ने बताया कि बच्चों और पेरेंट्स से बातचीत की गई। उनकी मांगों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया गया। इसके बाद डेपुटेशन पर 3 शिक्षकों को यहां लगाया गया है।