बांसवाड़ा में घर से गुरुवार की सुबह निकले 16 साल के छात्र का शव एक दिन बाद शुक्रवार को नदी में मिला। परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताई है। हालांकि परिजनों ने इसे डूबने से मौत होना बताया है। कोतवाली थानाधिकारी बुद्धाराम बिशनोई ने बताया कि तिरुपति नगर, समिति कॉलोनी निवासी अमरदीप सिंह राठौड़ का बेटा देवराज राठौड़(16) गुरुवार सुबह घर से निकला था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की। जांच के दौरान तकनीकी और स्थानीय इनपुट के आधार पर पता चला कि देवराज अपने दो साथियों के साथ पीपलखूंट क्षेत्र की ओर गया था। पुलिस ने दोनों दोस्तों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि तीनों नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान तेज बहाव और गहरे पानी में देवराज डूब गया। रेस्क्यू अभियान चलाकर निकाला शव
सूचना मिलते ही पुलिस ने SDRF टीम को मौके पर बुलाकर रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे देवराज का शव नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। थानाधिकारी ने बताया कि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। इसे देखते हुए मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया गया है। फिलहाल प्रथम दृष्टया मामला नदी में डूबने का लग रहा है, लेकिन परिजनों की ओर से हत्या की आशंका जताई गई है। ऐसे में मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। छात्र के साथ गए दोनों दोस्तों से भी पूछताछ की गई है। मामले की जांच जारी है।