शेयर मार्केट में ऑनलाइन निवेश कर लाखों रुपए कमाने का झांसा देने वाले चार साइबर ठगों को टोंक डीएसटी और साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में विकास मीणा, छोटूलाल मीणा, भीमसिंह मीणा और खुशीराम मीणा हैं। आरोपी टोंक और सवाई माधोपुर के रहने वाले हैं। आरोपियों से 14,610 रुपए, चार मोबाइल और दो लग्जरी कारें भी जब्त की गई हैं। आरोपियों के खिलाफ साइबर पोर्टल पर 49 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। आरोपी आमजन को रजिस्ट्रेशन फीस, जीएसटी चार्ज और जॉब के नाम पर ठगी का शिकार बनाते थे। पुलिस टीम ने कार्रवाई एसपी रोशन मीणा के निर्देशन में की। पुलिस ने बताया कि आरोपी आमजन को शेयर मार्केट में ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए मनी डबल करने का लालच देकर शेयर मार्केट के डीमैट अकाउंट हैंडल करते थे। टिप देकर ज्यादा मुनाफा दिलाने का लालच देकर पैसे ऐंठते थे। पैसे लेने के बाद झांसे में आए लोगों से रजिस्ट्रेशन फीस, जीएसटी चार्ज और अन्य फीस के नाम पर रुपए वसूलते थे। इसके अलावा जॉब दिलाने के नाम पर भी पैसे लेते थे। आरोपी मोबाइल फोन में कई फर्जी मोबाइल सिम का इस्तेमाल कर ऑनलाइन साइबर ठगी को अंजाम देते थे। वे लोगों को मुनाफे का लालच देकर म्यूल बैंक खातों से अनुचित लाभ प्राप्त कर ठगी करते शेथे। इन्हें किया गिरफ्तार
पुलिस ने विकास(25) पुत्र ग्यारसीलाल मीणा निवासी खोहल्या, पुलिस थाना बनेठा, जिला टोंक, छोटूलाल(26) पुत्र शंकरलाल मीणा निवासी खोहल्या, पुलिस थाना बनेठा, जिला टोंक, भीम सिंह(25) पुत्र सीताराम मीणा निवासी भूखा, पुलिस थाना मलारना डूंगर, जिला सवाई माधोपुर, हाल प्लॉट नंबर 17, मीणा कॉलोनी, पुलिस थाना मानटाउन, जिला सवाई माधोपुर और खुशीराम(24) पुत्र ओमप्रकाश मीणा निवासी बेलनगंज, बाबई, पुलिस थाना इंद्रगढ़, जिला बूंदी को गिरफ्तार किया है।
