राजस्थान में प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर सोमवार को जनसुनवाई आयोजित की गई। जोधपुर से प्रारूप समिति सदस्य डॉ. शुचि चौहान की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से यह सुनवाई हुई। इसमें फलौदी जिले के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से सुझाव लिए गए। सुझावों को प्रारूप तैयार करने में किया जाएगा शामिल डॉ. शुचि चौहान ने सभी प्रतिभागियों के सुझावों को ध्यान से सुना। उन्होंने बताया कि प्राप्त सुझावों का प्रारूप तैयार करने की प्रक्रिया में उचित परीक्षण किया जाएगा। डॉ. चौहान ने यह भी जानकारी दी कि प्रदेश का कोई भी नागरिक 10 जुलाई तक यूसीसी पर अपने सुझाव और विचार साझा कर सकता है। सुझाव देने के लिए प्रचार सामग्री पर उपलब्ध क्यूआर कोड को स्कैन किया जा सकता है या https://ucc.rajasthan.gov.in आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग किया जा सकता है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभागीय आयुक्त कन्हैयालाल स्वामी और गृह विभाग की संयुक्त शासन सचिव अंजलि राजोरिया सहित कई अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। जनसुनवाई के दौरान एक प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के जरिए समान नागरिक संहिता के संबंध में आमजन को जागरूक करने के लिए तैयार की गई जानकारी साझा की गई। लोगों से सुझाव देने का आह्वान किया जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने नागरिकों से अधिक से अधिक सुझाव देने का आह्वान किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराज सिंह चारण और एसडीएम पूजा चौधरी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।