सीएम भजनलाल शर्मा के संभावित केकड़ी दौरे को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। मंगलवार को जिला कलेक्टर लोकबंधु ने केकड़ी पहुंचकर प्रस्तावित कार्यक्रमों और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया। हालांकि मुख्यमंत्री के दौरे की अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन प्रस्तावित अजमेर यात्रा के दौरान केकड़ी को भी कार्यक्रम में शामिल किए जाने की संभावना है। प्रशासन ने तेज की तैयारी संभावना है कि मुख्यमंत्री ग्राम पंचायत अजगरा में वीबीरामजी योजना और देवली-केकड़ी-नसीराबाद फोरलेन सड़क परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इसके अतिरिक्त, विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भी उनके हाथों कराया जा सकता है। इन संभावित कार्यक्रमों को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहरी सेवा शिविर का किया निरीक्षण अपने दौरे के दौरान जिला कलेक्टर लोकबंधु ने नगर पालिका परिसर में संचालित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संभावित दौरे के मद्देनजर सभी तैयारियां समयबद्ध, सुव्यवस्थित और आपसी समन्वय के साथ पूरी की जाएं, ताकि कोई कमी न रहे। ये रहे मौजूद निरीक्षण एवं समीक्षा के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर चंद्रशेखर भंडारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मील, उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई, पुलिस उपाधीक्षक हर्षित शर्मा और शहर थाना अधिकारी अनिल कुमार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
