हनुमानगढ़ की गोलूवाला थाना पुलिस ने अवैध पेट्रोलियम पदार्थों के भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने एक दुकान से लगभग 2545 लीटर पेट्रोल और डीजल जब्त किया है। इस मामले में दो व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम (ईसी एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वृताधिकारी मीनाक्षी के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने खोथावाली बस स्टैंड स्थित एक दुकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान दुकान में प्लास्टिक ड्रमों और जरीकनों में बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल का अवैध भंडारण पाया गया। पुलिस ने मौके से पांच प्लास्टिक ड्रम और एक प्लास्टिक जरीकन में लगभग 1100 लीटर पेट्रोल तथा सात प्लास्टिक ड्रमों में करीब 1445 लीटर डीजल बरामद किया। कुल मिलाकर, लगभग 2545 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ जब्त किया गया। इस कार्रवाई के तहत, पुलिस ने खोथावाली निवासी ललित कुकणा और संघर निवासी कमलेश गोदारा के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत गोलूवाला थाने में मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच हनुमानगढ़ जंक्शन थानाधिकारी रामचंद्र कसवा को सौंपी गई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि जब्त पेट्रोलियम पदार्थ कहां से प्राप्त किया गया था और इसका उपयोग या बिक्री किस उद्देश्य से की जानी थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध पेट्रोलियम पदार्थों के भंडारण और कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में वृताधिकारी मीनाक्षी के साथ एसआई लालबहादुर चंद्र, कांस्टेबल सीताराम और डीआर कांस्टेबल संजय भी शामिल रहे।