राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने जयपुर में कहा- जो पार्टी आज लोकतंत्र और संविधान की बड़ी-बड़ी बातें कर रही हैं। वही पार्टी राजस्थान में पंचायत और स्थानीय निकाय चुनाव न करवाने के रोज नए-नए बहाने ढूंढ रही है। सच तो यह है कि भाजपा जमीनी स्तर पर लोकतंत्र की हत्या कर रही है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के दिए हुए संविधान का गला घोंट रही है। कोर्ट द्वारा दी गई मियाद खत्म होने जा रही है, लेकिन प्रदेश में पंचायत और निकाय चुनावों का कोई अता-पता नहीं है। देश के मतदाताओं ने सूझबूझ दिखाई, वरना बदल देते संविधान टीकाराम जूली ने देश के जागरूक मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा- गनीमत है कि देश के वोटरों ने सूझबूझ दिखाई। इस बार भाजपा को उतनी सीटें नहीं दीं। वरना ‘400 पार’ का खोखला नारा देने वाले ये लोग बाबा साहेब के बनाए पवित्र संविधान को ही बदल डालते। संविधान को खत्म करने की मंशा रखने वालों को देश की जनता ने संसद में ही सीमित कर दिया है, लेकिन राजस्थान में इनकी दमनकारी और अलोकतांत्रिक नीति अब भी साफ नजर आ रही है। जहां ये स्थानीय चुनावों से लगातार भाग रहे हैं। नारी वंदन का नाटक करने वाली सरकार में सुरक्षित नहीं बेटियां टीकाराम जूली ने कहा- भाजपा केवल ‘नारी वंदन’ का ढोंग करती है और महिला आरक्षण की बड़ी-बड़ी बातें करती है। अलवर में 5 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई हैवानियत ने राजस्थान को झकझोर कर रख दिया। यह घटना इंसानियत को शर्मसार करने वाली है, जिसने पूरे प्रदेश का सिर शर्म से झुका दिया है। सीएम के काफिले के चक्कर में झुलसी पीड़िता से मिला प्रतिनिधि मंडल टीकाराम जूली के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल प्रताप नगर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़िता रेशू गुप्ता और उनके परिजनों से मुलाकात की। गौरतलब है कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री के काफिले को निकालने के चक्कर में पुलिस ने पीड़िता रेशू गुप्ता के फूड स्टॉल को जबरन हटा दिया था और स्टॉल पर रखे खौलते हुए गर्म पानी से रेशू गुप्ता बुरी तरह झुलस गईं। जूली ने कहा- एक तरफ सरकार वीआईपी कल्चर खत्म करने की बातें करती है। दूसरी तरफ मुख्यमंत्री के काफिले के नाम पर एक गरीब बेटी की रोजी-रोटी को उजाड़कर उसे जिंदगी और मौत के मुंह में धकेल दिया जाता है।
